हाथरस। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग मे प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, मा0 जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित की उपस्थिति में किया गया।
प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा के अन्तर्गत कृषि निदेशक, कृषि विभाग, उ0प्र0 के नियंत्रणाधीन प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद हेतु उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा दिनांक 23.06.2026 को घोषित परिणाम के अन्तर्गत कुल 3446 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1600 चयनित अभ्यर्थियों को इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में मा० मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश के कर-कमलों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित कर शुभारंभ किया। जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। जिसे उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उपस्थित चयनित अभ्यर्थियों आदि ने देखा और सुना।
इस मौके पर मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर नियुक्तियां प्रदान की जा रही हैं। वर्तमान समय में युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी सेवा में आने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया गया है, उसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राविधिक सहायक के रूप में आप सभी को ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच जाकर कार्य करने का अवसर मिलेगा। किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी का सपना उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का है और नवनियुक्त प्राविधिक सहायक इस संकल्प को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण सहयोगी बनेंगे। उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्य परायणता के साथ कार्य करते हुए किसानों एवं आमजन की सेवा करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनपद में 23 नवनियुक्त तकनीकी सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि आज उनके जीवन में एक नये पड़ाव की शुरुआत हो रही है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या, परिश्रम और माता-पिता के अच्छे कर्मों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सीधे देश की अर्थव्यवस्था और किसान से जुड़ा है, इसलिए तकनीकी सहायक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि में ड्रोन तकनीक, मिट्टी की जांच, फसल के अनुरूप उर्वरक की सलाह तथा किसान और मंडी के बीच बेहतर समन्वय जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग बढ़ रहा है। युवा तकनीकी सहायक नई तकनीकों को सीखकर किसानों के हित में उनका प्रभावी उपयोग करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नवनियुक्त तकनीकी सहायकों की न्याय पंचायतवार तैनाती तथा आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी सहित किसानों से जुड़े कार्यों को केवल सतही तौर पर न देखें, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर उनकी वास्तविक स्थिति समझें। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में सम्मान पद के कारण मिलेगा, लेकिन भविष्य में सम्मान आपके कार्य, व्यवहार और कार्यशैली से मिलेगा। इसलिए सभी अपने आचरण में सरकार की सेवा भावना और मूल्यों को अपनाते हुए कार्य करें। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक कृषि ने बताया कि प्रदेश में 3446 तकनीकी सहायकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें जनपद हाथरस में 23 तकनीकी सहायक नियुक्त हुए हैं। इनके माध्यम से कृषि विभाग की योजनाओं, प्रशिक्षण, गोष्ठियों, प्रदर्शन, फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे कार्यों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। नियुक्त तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण के बाद क्षेत्र में कार्य सौंपा जाएगा।
इस मौके पर चयनित अभ्यर्थियों ने अपना परिचय के साथ ही, शैक्षिक योग्यता एवं किस जनपद के निवासी है आदि के बारे में जानकारी दी तथा भर्ती प्रक्रिया प्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
इस मौके पर उप निदेशक कृषि, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, चयनित अभ्यर्थी आदि उपस्थित रहे।









