मृतक अपने बीमार रिश्तेदार को देखने को ऑटो में सवार होकर जा रहा था गांव टीकरी के निकट हुआ हादसा
सिकन्द्रराऊ । कासगंज रोड स्थित गांव टीकरी के निकट बीती रात दो ऑटो की आमने- सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि क्षेत्र के गांव भटीकरा निवासी 55 वर्षीय पप्पू पुत्र प्रकाशी नोएडा में परिवार के साथ रहकर सिलाई का कार्य करता था। सोमवार की रात्रि को वह अपनी पुत्री शिवानी के साथ एक ऑटो में सवार होकर अपने एक बीमार रिश्तेदार से मिलने क्षेत्र के गांव मानिकपुर जा रहा था। जैसे ही ऑटो गांव टीकरी के पास पहुंचा। तभी सामने से तेज गति से आ रहे दूसरे ऑटो ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस दौरान पप्पू ऑटो के किनारे बैठा था। हादसे में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बच गए। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। हादसे की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।









