सभासद ने मामले की जांच कराने को मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला सराय उम्दा बेगम में नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सीसी सड़क के निर्माण कार्य में नया मोड़ आ गया है। वार्ड नंबर 10 के सभासद ने निर्माण कार्य में मानको की अनदेखी एवं ठेकेदार पर अपनी मर्जी से कार्य कराने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
वार्ड नंबर 10 के सभासद रवि कुमार ने शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा है कि मोहल्ला सराय उम्दा बेगम में नगर पालिका द्वारा नई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें ठेकेदार द्वारा पहले से बनी इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़े बिना ही उस पर पॉलिथिन बिछाकर सीमेंटेड सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से पहले निर्धारित तरीके से बेस तैयार नहीं किया गया और ना ही मिट्टी व गिट्टी की पर्याप्त परत डाली गई है । आरोप यह भी है कि निर्माण कार्य में निर्धारित अनुपात की जगह कम गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सभासद के मना करने के बाबजूद ठेकेदार ने कार्य को जारी रखा और शिकायत करने पर कहा कि इससे उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। ठेकेदार अपनी मर्जी से निर्माण कार्य कर रहा है। मानक के विपरीत सड़क निर्माण सरकारी धन की बर्बादी और जनसुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।
कुल मिलाकर ठेकेदार द्वारा सरकारी धन की पूर्ण रूप से बर्बादी की जा रही है। ठेकेदार द्वारा तय नियमों और गुणवक्ता की अनदेखी की गई है । सभासद ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर मामले की गहनता से जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।










