हाथरस।जिलाधिकारी के निर्देशन में नगर पालिका परिषद द्वारा शहर क्षेत्र में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित समीक्षा के क्रम में वार्ड संख्या-26 ढ़कपुरा कल्याण गढ़ी में रवि के घर से राशन डीलर की दुकान तक कराए जा रहे सी.सी. इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर कराए जा रहे कार्य की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक एवं निराशाजनक पाई गई। निरीक्षण के साथ-साथ संबंधित फर्म के नाम स्वीकृत एवं आवंटित निर्माण कार्यों की पत्रावलियों का भी परीक्षण किया गया। परीक्षण में पाया गया कि संबंधित फर्म द्वारा स्वीकृत कार्यों के निष्पादन में गंभीर लापरवाही, शिथिलता एवं उदासीनता बरती जा रही है।विभागीय अभिलेखों के अनुसार कई कार्यों को पूर्ण करने हेतु निर्धारित समयावधि समाप्त हो जाने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं किए गए। बार-बार मौखिक निर्देश दिए जाने के उपरांत भी संबंधित फर्म द्वारा स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ न किए जाने से क्षेत्रीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में वर्षा काल होने के कारण सड़क एवं नाली निर्माण कार्य समय से पूर्ण न होने के चलते संबंधित क्षेत्रों में जलभराव एवं जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका परिषद द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर संबंधित ठेकेदार फर्म मैसर्स राजहरी एंटरप्राइजेज के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की गई है।निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बावजूद प्रारंभ न किए गए कार्यों के संबंध में जमा धरोहर राशि जब्त कर नगर पालिका कोष में जमा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिन कार्यों की भौतिक प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन पर स्वीकृत अनुबंध राशि का 25 प्रतिशत पेनल्टी अधिरोपित की गई है, जिसकी कटौती संबंधित फर्म के देयकों से की जाएगी।संबंधित ठेकेदार फर्म को निर्देशित किया गया है कि सभी लंबित निर्माण कार्यों को एक माह की अवधि के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। निर्धारित एक माह की अवधि में कार्य पूर्ण न किए जाने की स्थिति में संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही की जाएगी।
नगर पालिका परिषद द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित ठेकेदारों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।नगर पालिका प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि वर्षाकाल में जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।









