हाथरस। इनरव्हील क्लब ऑफ़ हाथरस रॉयल द्वारा सेठ पी.सी. बागला (पी.जी.) कॉलेज के नवीन सेमिनार हॉल में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर ने किया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. छोंकर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सही समय पर उचित कैरियर मार्गदर्शन मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप कैरियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) चन्द्रशेखर रावल ने विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व एवं कैरियर निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कैरियर केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति की प्रतिभा, रुचि और जीवन-मूल्यों के अनुरूप अपने भविष्य को दिशा देने की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, समय-प्रबंधन, निरंतर अध्ययन, संचार-कौशल तथा बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशिष्ट संभावनाएँ होती हैं, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानकर सही दिशा में विकसित करने की है।इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) सुनन्दा महाजन, जिया आशीष रस्तोगी एवं दीप्ति अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कैरियर संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम के अंत में इनरव्हील क्लब ऑफ़ हाथरस रॉयल की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया एवं सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब की ओर से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर, मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) चन्द्रशेखर रावल एवं प्रो. (डॉ.) सुनन्दा महाजन को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया, सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा, पूर्व अध्यक्ष राधा गावर, अनीता मदनावत, जूही बंसल, जिया रस्तोगी, दीप्ति अग्रवाल तथा महाविद्यालय के शिक्षक प्रो. कृष्णानन्द त्रिपाठी, प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. एम.पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।









