तहसील सासनी क्षेत्र के गांव सलेमपुर में पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध होकर एक युवक ने घर में रखी चूहा मारने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। दवा के असर से युवक की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, गांव सलेमपुर निवासी गौरव की पत्नी कुछ समय पहले अपने मायके गई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद से गौरव मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शुक्रवार को अवसाद के चलते उसने घर में रखी चूहा मारने वाली जहरीली दवा खा ली। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।युवक को बदहवास हालत में देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजन तुरंत उसे लेकर जनपद हाथरस के जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर तुरंत उसका उपचार शुरू किया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को घटना की लिखित सूचना दे दी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत पर नजर रखी जा रही है।









