सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला महारी में चोरों ने बंद पड़े मकान को अपना निशाना बना लिया। चोर घर में रखे आभूषण एवं सामान को पार कर ले गए। कोतवाली में पीड़ित के भाई ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नगला महारी निवासी दुर्वेश कुमार पुत्र विनोद कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनका छोटा भाई शैलेश कुमार उर्फ बंटी ड्राइवर है और गांव में ही मकान बनाकर उनसे अलग रहता है। शैलेश की पत्नी बच्चों को सिकंदराराऊ में किराए का मकान लेकर पढ़ा रही है। जिसके कारण उसका मकान बंद रहता है। 9 अगस्त की रात्रि को शैलेश के घर पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर का ताला तोड़कर प्रवेश कर गए। चोर घर में रखे आभूषण एवं सामान को चुराकर ले गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।









