विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोग खासे परेशान नजर आए
सिकंदराराऊ। कांवड़ यात्रा मार्ग कासगंज रोड पर जर्जर विद्युत पोलों को बदलने एवं हाईटेंशन लाइन के तारों को ऊंचा करने को विद्युत विभाग द्वारा शुक्रवार को कार्य किया गया। जिसके चलते कस्बा की विद्युत आपूर्ति करीब पांच घंटों तक बाधित रही। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से भीषण पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया।
बतादें कि कासगंज रोड कांवड़ यात्रा मार्ग है। उक्त मार्ग पर कई विद्युत पोल जर्जर हो चुके थे और हाईटेंशन लाइन काफी नीचे थी। जिससे कांवड़ियों पर हर समय खतरा मंडराता रहता था। कांवड़ यात्रा में जर्जर पोलो को बदलने एवं हाईटेंशन लाइन के तारों को ऊंचा करने को जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए शुक्रवार को विद्युत विभाग के कर्मियों ने कासगंज रोड पर जर्जर हो चुके विद्युत पोलों को बदलने एवं नीची हो रही हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने का कार्य किया। जिसके चलते शुक्रवार की दोपहर 12 बजे कस्बा की विद्युत आपूर्ति को बाधित कर दिया गया । कर्मचारी करीब पांच घंटों में कार्य को पूर्ण कर सके । जिसके बाद शाम साढ़े चार बजे कस्बा की आपूर्ति को विभाग द्वारा सुचारू किया गया। विद्युत आपूर्ति के बाधित होने से लोग खासे परेशान नजर आए। घरों एवं दुकानों में लगे इनवर्टर भी पूर्ण रूप से जवाब दे गए। पांच घंटों के बाद आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली ।









