हाथरस। भगवान भोलेनाथ के पवित्र मास श्रावण मास में गंगा घाटों से पवित्र गंगाजल लाकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए जी तोड़ मेहनत कर कावड़ लेकर आ रहे कावड़ियों के सम्मान में अनूठी एवं प्रभावी सेवा का उदाहरण पेश करते हुए श्रवण गंगा सेवा समिति द्वारा हेलीकॉप्टर एवं बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर कावड़ियों का जहां स्वागत व सम्मान किया गया। वहीं उनका उत्साहवर्धन भी किया गया और कांवड़ियों पर की गई पुष्प वर्षा से कांवरिया बेहद गदगद एवं भारी हर्ष मग्न दिखाई दिए।

श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के अवसर पर श्रवण गंगा सेवा समिति द्वारा कांवड़ियों के सम्मान एवं स्वागत में अनूठी पहल की गई है। समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह सूरज भैया के नेतृत्व में हाथरस पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सिकन्द्राराऊ-कासगंज मार्ग पर कांवड़ियों के ऊपर पुष्प वर्षा की गई और हेलीकॉप्टर से आकाश से बरसते फूलों को देखकर कांवड़ियों के साथ-साथ मार्ग के आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंज उठे।। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करने के दौरान हाथरस पुलिस लाइन में सांसद अनूप प्रधान, श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह सूरज भैया, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला महामंत्री ठाकुर सत्येंद्र सिंह, भाजपा शहर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, अंकुर सिसोदिया, देवा पहलवान आदि भी मौजूद थे।

पुष्प वर्षा के उपरांत हेलीकॉप्टर ने एटा मार्ग, टुंडला होते हुए श्रवण गंगा सेवा समिति के लालपुर स्थित कार्यालय परिसर में सफलता पूर्वक लैंडिंग की। हेलीकॉप्टर के पहुंचते ही क्षेत्रवासियों में उत्सुकता और हर्ष का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इस अनूठे आयोजन को देखा और समिति के इस प्रयास की सराहना की गई। समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह सूरज द्वारा कावड़ियों पर बुलडोजर द्वारा भी पुष्प वर्षा कर अनूठा सेवा भाव का दृश्य प्रस्तुत किया गया है।
श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह सूरज ने कहा है कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति का विराट उत्सव है। कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा के माध्यम से उनका सम्मान करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने कहा कि हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का दृश्य बेहद मनमोहक और भावुक कर देने वाला रहा। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और महादेव की भक्ति का अद्भुत वातावरण दिखाई दिया। कांवड़ियों पर जिस वक्त हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही थी उस दृश्य को देखने एवं अपने-अपने मोबाइल के कैमरा में दृश्य को कैद करने के लिए लोग जहां की तहाँ रुक गए थे।









