भरभराकर गिरा मकान का बरामदा, दो लोग मलबे में दबकर हुए घायल

सिकंदराराऊ । विकासखंड हसायन क्षेत्र के गांव कटाई गांव में रविवार को एक मकान का बरामदा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। परिजनों एवं ग्रामीणों ने मलबे में दोनों लोगों को बाहर निकाला। आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर दोनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया।


बताया जाता है कि गांव कटाई निवासी इन्तियाज अली पुत्र बाजिद अली और एजाज अली बेग पुत्र उम्रदराज अली रविवार को अपने मकान के बाहरी बरामदे में बैठे हुए थे। तभी अचानक बरामदा ढह गया। जिससे मलबे में दबकर दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिछले कुछ दिनों से हो रही बरसात और उसके बाद रविवार को धूप निकलने के कारण बरामदा कमजोर होकर गिर गया। बरामदे के गिरने की तेज आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण एवं परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में ग्रामीणों एवं परिजनों ने मलबे में दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment