हाथरस। शहर में नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 13 स्थित बलराम नगर में करीब 70 मीटर लंबी गली का निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित है। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बारिश के दौरान गली में जलभराव व कीचड़ होने से आवागमन में दिक्कतें आती हैं। उक्त गली की इंटरलॉकिंग के लिए 4 जून 2025 को 8.90,608 रुपये का अनुमान तैयार होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

बताया जाता है उक्त गली का निर्माण कार्य न होने से परेशान मकान मालिक अखिलेश अग्रवाल ने अपने घर के बाहर एक पोस्टर लगाया है और इस पोस्टर पर लिखा है गली का निर्माण न होने से मकान बेचने को मजबूर। उक्त पोस्टर की पूरे क्षेत्र में चर्चाएं जोरों पर हैं।
उक्त समस्या को लेकर स्थानीय रेखा अग्रवाल ने बताया कि काफी समय से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश होते ही गली में कीचड़ और पानी भर जाता है, जिससे लोग अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। स्कूली बच्चों को भी इस रास्ते से निकलने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरी में मकान बेचने का निर्णय लेना पड़ सकता है।एक अन्य स्थानीय महिला राधा ने बताया कि रास्ता लंबे समय से खराब है। गली का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को निकलने में परेशानी होती है और बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। आए दिन लोगों के गिरने का खतरा बना रहता है।
मकान मालिक अखिलेश अग्रवाल के अनुसार गली के निर्माण को लेकर आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और पीएमओ पोर्टल पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, नगर विकास विभाग के अधिकारियों, जिलाधिकारी और नगर पालिका चेयरमैन को भी इस संबंध में शिकायतें भेजी गई हैं, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है।गली में विद्युत पोल नहीं होने के कारण घरों से केबल बांधकर बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे बारिश के दौरान करंट लगने का खतरा भी बना रहता है।
नगर पालिका परिषद ईओ ने बताया है कि निर्माण संबंधी प्रक्रिया पूरी होने और बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू कराया जायेगा।









