हाथरस। राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा ने नगर पालिका परिषद के कार्यालय के प्रथम तल पर संचालित होने तथा दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट एवं अन्य सुगम सुविधाओं के अभाव के संबंध में उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री, प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग एवं निदेशक नगर निकाय को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजा है।
राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा ने बताया है कि उक्त गंभीर समस्या से नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को पूर्व में कई बार मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया था, किंतु अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। इसके कारण व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं, चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को नगर पालिका कार्यालय तक पहुँचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि यह स्थिति दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 तथा सुगम भारत अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने नगर विकास विभाग से मांग की है कि नगर पालिका परिषद हाथरस में प्राथमिकता के आधार पर लिफ्ट स्थापित कराई जाए तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सभी आवश्यक सुगम सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही स्थायी व्यवस्था होने तक भूतल पर दिव्यांगजन सहायता काउंटर स्थापित करने के निर्देश जारी किए जाएँ। सागर शर्मा ने आशा व्यक्त की है कि शासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करेगा, जिससे हाथरस जनपद के दिव्यांगजनों को सम्मान पूर्वक एवं सुगमता के साथ नगर पालिका की सेवाओं का लाभ मिल सके।









