सिकन्द्राराऊ। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने पूर्णरूप से कमर कस ली है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। कावंड़ मार्गो पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं। शासन के निर्देशों का पालन करते हुए अधिकारी कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर जायजा ले रहे हैं ।

कावड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर आज अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने सिकन्द्राराऊ क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।। अलीगढ़ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रभाकर चौधरी ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कासगंज रोड स्थित डुकरिया बंबा, कासगंज रोड चुंगी समेत उन प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। जहां से होकर कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।









