ई रिक्शा में सवार होकर भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने को जा रही थी नगर अध्यक्ष
सिकंदराराऊ । शनिवार को ई रिक्शा में सवार कस्बा के मोहल्ला बगिया बारहसैनी निवासी भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष की चोरों ने उनके पर्स से सोने की एक चैन पार कर दी । पीड़िता नगर अध्यक्ष ने कोतवाली में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष के साथ हुई घटना का बाजार लोगो के बीच गर्म रहा।
मोहल्ला बगिया बारहसैनी निवासी भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष शशिबाला वार्ष्णेय ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह शनिवार को वह भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बा के क्रीड़ा स्थल के सामने से एक ई-रिक्शा में बैठी थीं। उनके अनुसार, रिक्शे में पहले से स्कूल ड्रेस पहने एक युवती मौजूद थी। कुछ दूर चलने के बाद युवती ने उनसे कहा, “आंटी, आपकी चेन खुली हुई है।” इस पर उन्होंने सावधानी बरतते हुए अपने गले से सोने की चेन उतारकर पर्स में रख ली। जब वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और ई-रिक्शा से उतरकर अन्य महिला भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कुर्सी पर बैठीं, तब उन्होंने अपना पर्स खोला। पर्स में रखी सोने की चैन गायब देखकर उनके होश उड़ गए।उन्होंने मौके पर चैन को काफी तलाश किया, किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस चोर की तलाश में जुट गई है।









