गुरुवार को सासनी के राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के पदाधिकारियों ने लखनऊ पहुंचकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन की भावी रणनीति, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर राम पार्टी के चाणक्य भाई प्रिंस भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने, संगठन की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने तथा आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। सासनी से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के हाथरस जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने किया। उनके साथ जिला महामंत्री निशांत उपाध्याय, संजीव गोयल तथा विनीत शर्मा (कालू पंडित) भी शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व से विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए जिले में पार्टी की गतिविधियों को गति देने के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। बैठक के दौरान हाथरस जनपद में संगठन के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से मंथन किया गया। शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तथा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनके बीच सक्रिय रहें। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया तथा शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।









