कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने रात्रि में किया स्थलीय निरीक्षण : श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हाथरस। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बीती रात्रि को अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत सासनी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ शिविरों, सड़क किनारे की प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविरों पर श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर निरंतर निगरानी रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सासनी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, खण्ड विकास अधिकारी सासनी, अधिशासी अधिकारी सासनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment