हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी में में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला के मायके पक्ष ने पति, जेठ और ससुर पर दहेज के लिए उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कल देर शाम थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी निवासी 27 वर्षीय श्रीमती कोमल सिसौदिया पत्नी अभिषेक सिसौदिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और कथित तौर पर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटना की सूचना महिला के मायके पक्ष के लोगों को दी थी। देर रात उसके मायके पक्ष के लोग भी हाथरस आए।मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि कोमल का पति अभिषेक, जेठ सुनील और ससुर ओमवीर दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। वह दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। मायके पक्ष का कहना है कि इसी मांग के पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के भाई ने बताया कि अभिषेक शराब पीता था और कोमल के साथ मारपीट करता था।आरोप है कि ससुर ओमवीर और जेठ सुनील भी उसके साथ मारपीट करते थे। अभिषेक की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। कोमल और अभिषेक के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र ढाई साल और डेढ़ माह है।। पुलिस ने मृतका कोमल के पिता संतोष की तहरीर पर शिकायत पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।









