हाथरस। जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जाता है। जिसमें प्रथम बार गर्भवती महिला को दो किस्तों में रूपये 5000 तथा दूसरी बार गर्भवती होने पर यदि बालिका बच्ची का जन्म होता है तो एक मुश्त रूपये 6000 की धनराशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।
सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में जनपद की अधिकतर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा फॉर्म भराए जा रहे हैं। परंतु जनपद स्तर से समीक्षा करने पर पाया गया कि 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा इस वित्त वर्ष में अभी तक अपने क्षेत्र के किसी भी लाभार्थी का पंजीकरण इस योजना के तहत नहीं कराया गया है। ऐसी सभी 355 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि यदि इस माह के अंत तक उनके द्वारा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण इस योजना में नहीं किया जाता है तो उनके विरुद्ध मानदेय रोकने और यदि आवश्यक हुआ तो सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा अपनी समीक्षा में यह निर्देशित किया गया था कि जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ती इस योजना के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण नहीं करती है उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। इन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बार-बार निर्देशित किया गया है और यह अंतिम चेतावनी जारी की गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने जनसामान्य से अपील की है कि क्षेत्र के जो भी पात्र गर्भवती महिलाएं हैं, वह अपने आंगनबाड़ी से संपर्क करके इस योजना के तहत अपना पंजीकरण कारण जिससे उनको सरकार की योजना का लाभ दिया जा सके। साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि भी अपने क्षेत्र के सभी पात्र लगाकर पंजीकरण 31 जुलाई तक करना सुनिश्चित करें। सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी को यह आदेशित किया गया है कि जो भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती इसके तहत सही कार्य नहीं करती है उनके विरुद्ध कार्यवाही हेतु 30 तारीख तक पत्रावली प्रेषित की जाए ।









