हाथरस-23 जुलाई। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने रात्रि में शहर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। हाल ही में हुई बारिश के मद्देनज़र उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों की उपस्थिति की गिनती कर कार्य की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में शहर की साफ-सफाई, नालियों की नियमित सफाई और जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहर की स्वच्छता को लेकर पूरी तरह गंभीर है और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से रात्रिकालीन निरीक्षण जारी रखने तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

नगर पालिका द्वारा लगातार किए जा रहे निरीक्षण और मॉनिटरिंग का उद्देश्य बरसात के दौरान शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त बनाए रखना है।









