दो दर्जन भैसों की अचानक बिगड़ी तबीयत,1 की मौत ,मचा हड़कंप


भैंसों ने पहले खेत में खाई घास ,बाद में पिया बंबे का पानी

सिकंदराराऊ । एटा रोड स्थित गांव महमूदपुर असदपुर में एक पशुपालक की करीब दो दर्जन भैंसों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कई भैंसें जमीन पर गिरने लगीं। इस दौरान एक भैंस की मौत हो गई, जबकि अन्य भैंसों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सभी भैंसों ने पहले खेत में घास खाई और उसके बाद गांव के बंबे का पानी पिया। कुछ ही देर बाद पशुओं की तबीयत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना तत्काल सरकारी हेल्पलाइन पर दी गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद निजी पशु चिकित्सकों को बुलाकर उपचार शुरू कराया गया। बाद में सिकंदराराऊ से सरकारी पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची और सभी बीमार भैंसों का उपचार शुरू किया। पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई है कि घास के साथ किसी जहरीले पदार्थ के पेट में चले जाने से पशु बीमार हुए हैं। केवल बंबे का पानी पीने से ऐसी स्थिति बनने की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि भैंस की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही चल सकेगा। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक हानि हुई है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment