जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन: बोले
हाथरस। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव कपिल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा राष्ट्रपति के नाम एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंप कर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर व दुरुस्त बनाने की मांग की गई है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंप गए ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद चिकित्सा के क्षेत्र में, गंभीर बीमारियों में जिला अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है, क्योंकि यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों का तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए साधन उपलब्ध नहीं है। इसके फलस्वरुप हर साल हजारों की संख्या में गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों की असमय मौत हो जाती है। जिसका एक उदाहरण कांग्रेस महासचिव कपिल सिंह भी है। उनका आरोप है कि यहां विशेषज्ञ चिकित्सक व पर्याप्त साधन न होने के कारण उनकी पुत्री का अल्प आयु में ही निधन हो गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि जनपदवासियों के लंबे संघर्ष के बाद जनपदवासियों को गत दिनों मुख्यमंत्री के आगमन पर ऐसा भरोसा था कि जनपद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को मुख्यमंत्री गत 28 जून को शिलान्यास करेंगे, लेकिन उनके द्वारा शिलान्यास कार्य नहीं हुआ। जिससे जनपदवासियों में एक उदासीनता का माहौल है और वह अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि 30 जुलाई तक प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का एम्स की शाखा के रूप में शिलान्यास कराया जाये। वही ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस महासचिव कपिल कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा गया है कि उनके द्वारा दिए गए स्मरण पत्र के बावजूद कोई भी सकारात्मक प्रक्रिया नहीं अपनाई गई तो वह जनता के हित में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष गांधीवादी तरीके से आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होंगे।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस महासचिव कपिल कुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शांतनु सेंगर, शशांक पचौरी एडवोकेट, सुनीता सिंह, प्रदीप तेंनगुरिया, मनीष सिंह, अशोक कुमार गुप्त, गोविंद शरण चतुर्वेदी, दीपेश, जिला महासचिव श्री कृष्ण एडवोकेट शामिल थे।









