हाथरस । भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हाथरस के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद एवं 80-सिकंदराराऊ—के मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन पूर्ण होने के उपरांत मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय, हाथरस सहित संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसील कार्यालयों में कर दिया गया है।
आलेख्य प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 78-हाथरस (अजा) में मतदान केंद्रों की संख्या 237 से बढ़कर 240 तथा मतदेय स्थलों की संख्या 475 से संशोधित होकर 467 हो गई है। विधानसभा क्षेत्र 79-सादाबाद में मतदान केंद्रों की संख्या 300 से बढ़कर 301 तथा मतदेय स्थलों की संख्या 463 से संशोधित होकर 452 हो गई है। विधानसभा क्षेत्र 80-सिकंदराराऊ में मतदान केंद्रों की संख्या 299 यथावत रखते हुए मतदेय स्थलों की संख्या 452 से संशोधित होकर 448 हो गई है। इस प्रकार जनपद में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 836 से बढ़कर 840 तथा मतदेय स्थलों की संख्या 1390 से संशोधित होकर 1367 हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के समस्त मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची का भली-भांति परीक्षण कर लें। यदि किसी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव हो तो संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, हाथरस में 11 जुलाई, 2026 तक प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की प्रकाशित सूची किसी भी कार्य दिवस में जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित तहसील कार्यालयों में निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी। साथ ही यह सूची जनपद हाथरस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है।









