मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस ने मृतक के पुत्र को हिरासत में लिया

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव गिनौली किशनपुर में बीती रात एक 56 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मृतक के 16 वर्षीय पुत्र को हिरासत में लिया है।
बताया जाता है कि गांव गिनौली किशनपुर निवासी 56 वर्षीय पप्पू पुत्र किशनलाल उर्फ छितु की मंगलवार की रात्रि को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पप्पू मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। परिजनों ने बताया कि पप्पू शराब पीने के आदी थे और अक्सर नशे की हालत में घर आकर पत्नी व बच्चों से झगड़ा करते थे। मंगलवार शाम भी वह मजदूरी से लौटने के बाद नशे में थे और किसी बात को लेकर बेटे कपिल से उनकी कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान पप्पू गुस्से में कपिल की ओर बढ़े और उसे मारने के लिए दौड़े। इस दौरान कपिल ने बचाव में सड़क पर पड़ा एक पत्थर हाथ में उठा लिया, लेकिन उसने वह पत्थर अपने पिता पर नहीं फेंका। उनका आरोप है कि इसी बीच नशे के कारण पप्पू का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरते समय पप्पू का सिर सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि कपिल के हाथ में पत्थर देखकर कुछ लोगों ने यह मान लिया कि उसने पिता पर हमला किया है और इसी आधार पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। परिजनों का दावा है कि कपिल हमेशा घर के झगड़े को शांत कराता था और उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। पुलिस कपिल को अपने साथ पूछताछ हेतु कोतवाली ले आई।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment