भक्त प्रह्लाद की कथा सुन श्रोता हुए भाव विभोर कथा का रसपान करने को उमड़ रही भीड़


सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला गौसगंज स्थित गौरी शंकर हिंदू इंटर कॉलेज के प्राचीन शिव मंदिर पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन बुधवार को भक्त प्रह्लाद प्रसंग का बखान किया गया। इसमें कथा व्यास सुनील चेतन ने कहा कि भक्त प्रह्लाद ने माता कयाधु के गर्भ में ही नारायण नाम का मंत्र सुना था। जिसके सुनने मात्र से भक्त प्रह्लाद के कई कष्ट दूर हो गए थे। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के रसपान करने से मनुष्य के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं । इसके उपरांत उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की पावन लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को धर्म का ज्ञान बचपन में दिया जाता है । वह जीवन भर उसका ही स्मरण करता है। ऐसे में बच्चों को धर्म व आध्यात्म का ज्ञान दिया जाना चाहिए। माता-पिता की सेवा व प्रेम के साथ समाज में रहने की प्रेरणा ही धर्म का मूल है। अच्छे संस्कारों के कारण ही ध्रुव को पांच वर्ष की आयु में भगवान के दर्शन प्राप्त हुए । इसके साथ ही उन्हें 36 हजार वर्ष तक राज्य भोगने का वरदान प्राप्त हुआ था। ऐसी कई मिसालें हैं । जिससे सीख लेने की जरूरत है। कथा को सुन श्रद्धालु भाव विभोर हो गए । इस मौके पर संकीर्तन मंडली की सदस्यों ने प्रभु महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कई मनमोहक भजन प्रस्तुत किए । जिन पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। कथा का रसपान करने को श्रद्धालुओ की खासी भीड़ उमड़ रही है। कथा में परीक्षित राजवीर सिंह यादव ,यज्ञपति राजेश गुप्ता,
राकेश यादव, डॉ सुनील यादव, काले यादव,दीपक यादव, शिवा यादव, अजय यादव,नरेश यादव,गोपाल यादव, विनीत यादव,विनोद कुमार, राजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment