हाथरस। सिकंद्राराऊ तहसील में रजिस्ट्री व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावित कानून के विरोध में लगभग 21 दिनों से आंदोलनरत अधिवक्ताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम संबोधित ज्ञापन कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कासगंज जिला कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य को सौंपा गया है।
कासगंज जिला कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि अधिवक्ताओं की मांगों एवं समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से उक्त ज्ञापन कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज प्रांत प्रभारी तौकीर आलम को भेज दिया गया है, ताकि वह इसे राहुल गांधी तक पहुंचाकर अधिवक्ताओं के पक्ष को प्रभावी ढंग से उठाएं।
उन्होंने कहा कि सिकंद्राराऊ तहसील के अधिवक्ता पिछले लगभग 20 दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलनरत हैं। कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष को न्यायोचित मानते हुए प्रारंभ से उनके साथ खड़ी है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई में सहयोग करती रहेगी।
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि अधिवक्ताओं का संघर्ष केवल एक वर्ग का नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और आमजन के हितों से जुड़ा विषय है। इसलिए कांग्रेस उनकी आवाज़ को प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ज्ञापन देते समय उनके साथ निवर्तमान प्रदेश महासचिव परवेज अहमद, निवर्तमान प्रदेश सचिव अखिलेश शर्मा, कासगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज पांडे, जिला उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप जादौन, सोशल मीडिया के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन पंडित तथा पूर्व न्याय पंचायत अध्यक्ष अर्जुन बघेल उपस्थित थे।
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस नेतृत्व अधिवक्ताओं की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके न्यायोचित समाधान के लिए प्रभावी पहल करेगा।









