सादाबाद- 30 जून। थाना क्षेत्र के कस्बा बिसावर के चांदनी चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार में बीती रात्रि को भीषण आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे बिसावर पुलिस चौकी की गश्ती टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को चांदनी चौक स्थित एक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। पुलिस ने तत्काल आसपास के लोगों और दुकानदारों को जगाया। दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें खोलकर स्थिति का जायजा लिया तो पता चला कि आग राधेश्याम की मिष्ठान की दुकान में लगी है।।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। सूचना पर कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा मिष्ठान, खाद्य सामग्री, फर्नीचर तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।









