चुनावों की तैयारियां शुरू: मतदान केन्द्रों का होगा संभाजन व पुनर्गठन

हाथरस। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्गठन के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदेय स्थलों का पुनः परीक्षण कराया जा रहा है। आयोग के मानकों के अनुसार जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने बताया कि 24 जून से 31 जुलाई  तक विभिन्न चरणों में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण, प्रारूप सूची का प्रकाशन, प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का परीक्षण, उनका नियमानुसार निस्तारण तथा अंतिम प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थापित किए जाएंगे तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाएगा कि एक ही परिवार के मतदाताओं को अनावश्यक रूप से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए मतदेय स्थलों के पुनर्गठन का कार्य समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ एवं जनसुविधा उन्मुख बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां नए बूथ बनाए जाने आवश्यक हों, वहां यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदेय स्थल की दूरी मतदाताओं के लिए यथासंभव सुविधाजनक रहे तथा सामान्यतः 2 किलोमीटर से अधिक न हो। साथ ही मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी उपलब्ध हो।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष बीजेपी प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार गुड्डू, बीजेपी प्रशासनिक प्रमुख सुनील वर्मा, जिला उपाध्यक्ष सपा अजय सिकरवार, जिला सचिव सीपीआई (एम) श्याम सिंह वर्मा, जिलाध्यक्ष बीएसपी राजकपूर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस विवेक उपाध्याय, जिलाध्यक्ष सपा देवेंद्र कुमार कुशवाहा, जिलाध्यक्ष आप जगदीश प्रसाद, महासचिव कांग्रेस श्रीकृष्ण एडवोकेट, उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी सासनी, उप जिलाधिकारी सादाबाद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के अलावा अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment