विसाबर अग्निकांड पीड़ित परिवार से मिले जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक उपाध्याय: प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग

हाथरस। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने सादाबाद क्षेत्र के ग्राम बिसावर पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी पुष्पेंद्र फौजदार के परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

ज्ञात रहे कि हाल ही में पुष्पेंद्र फौजदार के घर एवं दुकानों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। उनकी टेंट एवं जूते की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई तथा मकान को भी गंभीर क्षति पहुंची है। आग की इस घटना से परिवार को काफ़ी रुपये का नुकसान हुआ है।विशेष रूप से चिंताजनक बात यह है कि श्री फौजदार की दो बेटियों का विवाह आगामी 6 जुलाई को होना है और ऐसे समय में यह हादसा परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक एवं चुनौतीपूर्ण साबित हुआ है। इसके बावजूद अभी तक प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी पीड़ित परिवार की सहायता के लिए नहीं पहुंचा है।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार का तत्काल सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार इस संकट से उबर सके और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।

इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल एवं जिला महासचिव कृष्ण एडवोकेट भी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment