विद्युत करंट की चपेट में आकर मासूम की मौत: कोहराम

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। कूलर में करंट आने की चपेट में आने से बच्चे की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार गांव जोगिया निवासी पंकज का पांच वर्षीय पुत्र सार्थक घर में लगे कूलर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक कूलर में करंट उतर आया और मासूम उसकी चपेट में आ गया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर उसे कूलर से अलग किया।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में सार्थक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। वहीं, घटना के बाद परिजन बदहवास हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment