
हाथरस। कस्बा मुरसान में गत 14 जून को एक हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार की हत्या के विरोध में आज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया तथा प्रदर्शनकारी हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान जहां ग्रामीण और परिजन भारी संख्या में शामिल थे।
ज्ञात रहे कि जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव असरोई निवासी एंव हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार की हत्या दयालपुर पेट्रोल पंप के पास लेनदेन के विवाद को लेकर की गई थी। इस मामले में तीन लोग आरोपी हैं, जिनमें से पुलिस ने अजय सिंह और चंदन को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी सुखवीर फौजी अभी फरार है। एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने से मृतका व्यापारी के नाराज परिवार के सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण आज सुबह करीब 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां पर धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मृतक की पत्नी अंजू देवी ने रोते हुए अपने पति के हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग की। मृतक के भाई विकास चौधरी ने कहा कि न्याय तभी मिलेगा जब पुलिस हत्यारोपियों का एनकाउंटर करे और उनके घरों पर बुलडोजर चलाए।
बताया जाता है हार्डवेयर कारोबारी की हत्या से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया।लेकिन सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों और पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे। कलेक्ट्रेट परिसर में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा।इस मौके पर पूर्व विधायक प्रताप चौधरी और राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह भी मौजूद थे। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुछ अधिकारियों से उनकी तीखी नोंकझोंक भी हुई।
परिवार के सदस्यों ने मांग की है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर आकर उनकी बात नहीं सुनेंगे, वे धरने से नहीं उठेंगे।। प्रदर्शनकारियों की मांग के बाद जिलाधिकारी अतुल वत्स धरना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से वापस लौट गए।









