अगसौली में स्थित एक मिक्सिंग प्लांट में कार्यरत था मृतक:प्लांट पर टिल्लू पम्प से भर रहा था पानी , तभी हुआ हादसा

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के अगसौली गांव में बुधवार को एक मिक्सिंग प्लांट में कार्यरत 28 वर्षीय युवक की विद्युत करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताया जाता है कि कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव सिरोही निवासी 28 वर्षीय योगेश पुत्र हरेंद्र पाल सिंह कासगंज रोड स्थित गांव अगसौली में मिक्सिंग प्लांट में कार्य करता था। बुधवार की योगेश प्लांट में टिल्लू पम्प के जरिए पानी निकाल रहा था और जनरेटर चल रहा था। पानी निकालते समय वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। इससे वहां खलबली मच गई। उसके साथी तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना योगेश के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजनों में हाहाकर मच गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक योगेश की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी। अभी उसके कोई संतान नहीं है और उसकी पत्नी गर्भवती है। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।









