उ.प्र.ग्रामीण बैंक ने किया विश्व रक्तदाता दिवस एवं योग कार्यक्रम का सफल आयोजन

हाथरस उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व, जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा की भावना को सुदृढ़ करने हेतु आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 एवं विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन दोनों कार्यक्रमों में बैंक कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा आम जनता ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रमों को सफल बनाया।।
प्रातः 6:15 बजे से रामेश्वर धाम बगीची में आयोजित विशेष योग शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने भाग लिया । योग कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक श्री गुप्ता द्वारा किया गया । योगाभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन तथा सकारात्मक ऊर्जा के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की और योग का अभ्यास कराया ।।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक रामशरण वर्मा सहित अनेक लोगों ने योग शिविर में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम में लोगों ने नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया ।इसके उपरांत जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने नेकी की दुकान आदि अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से प्रातः 9 बजे से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में समाजसेवा एवं मानवता की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। शिविर में उत्कर्ष, आलोक कुमार, गौरव सिंह , राम मोहन उपाध्याय सहित दर्जनों लोगों ने रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा हेतु अपना योगदान दिया ।।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान , जिलाधिकारी अतुल वत्स , पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा व मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वेदप्रकाश व उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक रामशरण वर्मा उपस्थित थेl सांसद और जिलाधिकारी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।।
बैंक के पूर्व मुख्य प्रबंधक अनिल कौल ने कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग एवं रक्तदान जैसे कार्य न केवल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी एवं मानवीय संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।उन्होंने सभी बैंक कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा । इन कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन एवं मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया।। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लड बैंक के अरुण, कमलेश सहित समस्त ब्लड बैंक स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा l

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment