
हाथरस शहर के हलवाईखाना में बीती रात्रि को एक दुकान पर कुछ लोगों द्वारा एक दुकानदार से मारपीट करने व चोरी का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई है।
बताया जाता है शहर के नवल नगर निवासी हर्षराज गुप्ता ने कोतवाली सदर में शिकायत दर्ज कराई है और उन्होंने कुछ नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों पर मारपीट अभद्रता और नकदी चोरी का आरोप लगाया है।शिकायत में कहा गया है कि उक्त घटना कल रात 9 जून की है, जब हर्षराज अपनी हलवाई खाना स्थित दुकान पर थे। इसी दौरान पास में रहने वाले कुछ लोग 10 से 15 अज्ञात व्यक्तियों के साथ दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय हर्षराज के भाई, पिता और एक मित्र भी दुकान पर मौजूद थे। पीड़ित हर्षराज गुप्ता के अनुसार, आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और दुकान के गल्ले से करीब 7 हजार रुपये नकद तथा एलईडी बल्ब चुरा लिए। जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी तथा घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा और मारपीट चलती रही।बताया जा रहा है इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों के बीच हाथापाई स्पष्ट दिख रही है। उक्त घटना को लेकर कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह राघव ने पुष्टि की है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।









