गोपालपुर के तालाब में मिले शव की हुई पहचान

जनपद कासगंज के ढ़ोलना निवासी का युवक:मानसिक रूप से कमजोर था युवक:शनिवार को घर से नाराज होकर निकला था युवक

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव गोपालपुर के तालाब से मंगलवार की दोपहर को एक अज्ञात किशोर का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी थी । किंतु मौके पर किशोर के शव की कोई पहचान नहीं हुई थी। मृतक की पहचान जनपद कासगंज के गांव ढ़ोलना निवासी 18 अखिलेश पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई ।
बतादें कि मंगलवार की दोपहर एक बजे गांव गोपालपुर के तालाब में ग्रामीणों ने एक किशोर के शव को पानी में तैरता देखा। जिससे क्षेत्र में सनसनी मच गई । मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से किशोर के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किशोर की मौत अधिक समय पूर्व नहीं हुई है। शव में सड़न या अन्य ऐसे लक्षण नहीं थे, जो यह दर्शाते कि वह कई दिनों पुराना है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किशोर हाल ही में पानी में डूबा होगा। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी किशोर के शव को नहीं पहचाना। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी और लापता लोगों की रिपोर्टों का मिलान शुरू कर दिया है, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी थी और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी थे। बुधवार सुबह मृतक की पहचान कासगंज के ढ़ोलना निवासी 18 वर्षीय अखिलेश कुमार पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था और उसका इलाज आगरा में चल रहा था। शनिवार को वह घर से नाराज होकर निकल आया था, तभी से परिजन उसकी तलाश में थे। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment