
सिकंदराराऊ । कस्बा के ऐतिहासिक रामबाग मंदिर की स्वच्छता और संरक्षण के लिए कल रविवार को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह महापंचायत दोपहर 3 बजे भूतेश्वर मंदिर परिसर में होगी । जिसमें मंदिर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने पर चर्चा की जाएगी। जिसके लिए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।
आयोजक विवेकशील राघव और कमलेश शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि रामबाग मंदिर लंबे समय से उपेक्षा और गंदगी का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विवादित दस्तावेजों के आधार पर कानूनी मुकदमेबाजी के जरिए मंदिर के मूल स्वरूप को बदलने का प्रयास कर रहे हैं।
इसके अलावा, मंदिर परिसर में गंदगी फैलने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है। जिसके उद्देश्य से यह महापंचायत बुलाई गई है । क्षेत्र और कस्बा के अधिक से अधिक लोगों से महापंचायत में पहुँचकर अपने विचार व्यक्त करने और मंदिर संरक्षण अभियान का समर्थन करने की अपील की है। कर्मयोग सेवा संघ के संस्थापक एवं अध्यक्ष विवेकशील राघव इस मुद्दे पर पिछले कई दिनों से सक्रिय हैं। उन्होंने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी और कोतवाली प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर एक ज्ञापन भी सौंपा था। ज्ञापन में कहा गया है कि जीटी रोड स्थित रामबाग मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का स्थल है । जिसकी दशा लगातार बिगड़ रही है। इसमें कुछ पक्षों के बीच चल रहे भूमि विवाद और मंदिर परिसर की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जाँच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो सर्व समाज के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन चलाया जा सकता है।











