बरसै में हो रही श्रीमद् भागवत कथा की अमृत वर्षा: विहिप पदाधिकारियों ने किया व्यासपीठ का पूजन

​सासनी। विकास खंड के निकटवर्ती ग्राम बरसे स्थित प्राचीन चिंताहरण महादेव मंदिर पर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा के मुख्य व्यासपीठ से सुप्रसिद्ध कथावाचक वेदव्यास श्री शिवा भारद्वाज जी महाराज अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भक्तिरस का रसपान करा रहे हैं।​कथा के दौरान क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। समस्त ग्रामवासी पूरी श्रद्धा और एकजुटता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।।
​धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया और कथाव्यास श्री शिवा भारद्वाज जी का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।​इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि भागवत कथा जैसी धार्मिक कथा हमारे समाज में संस्कारों का सिंचन करते हैं। इससे युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है।।
​विहिप सासनी के प्रखंड अध्यक्ष हेमंत कौशल ने समस्त ग्रामवासियों के इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांव में सुख-समृद्धि, आपसी सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। विश्व हिंदू परिषद सदैव ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग के लिए तत्पर रहती है।
​चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में आयोजित इस कथा में प्रतिदिन भगवान के विभिन्न अवतारों और लीलाओं का जीवंत वर्णन किया जा रहा है। संगीतमय भजनों पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो रहे हैं।। स्वागत कार्यक्रम के दौरान विद्याभूषण गर्ग जिला सेवा प्रमुख विहिप , जगदीश प्रसाद शर्मा प्रखंड मंत्री व विहिप के अन्य कार्यकर्ता एवं मंदिर समिति के सेवादार और भारी संख्या में ग्रामीण व प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment