पुलिस कप्तान की प्रेरणा से जिले की पुलिस नन्हे कदमों के हौसलों को दे रही उड़ान: 21 बच्चों का विद्यालय में कराया प्रवेश

हाथरस।जहां संवेदनाएं कर्तव्य से जुड़ जाती हैं, वहां पुलिस केवल कानून की रक्षक नहीं बल्कि समाज के भविष्य की निर्माता बन जाती है। पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा की प्रेरणा से जनपद के अलग-अलग थाना पुलिस नन्हे कदमों को शिक्षा की राह दिखाकर थाना सिकंद्राराऊ,थाना हाथरस जंक्शन व थाना सादाबाद पुलिस टीम ने मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।


आज जनपद में एक भावुक एवं प्रेरणादायी पहल के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक थाना सिकंद्राराऊ,थाना हाथरस जंक्शन व थाना सादाबाद के नेतृत्व में थाने पर नियुक्त पुलिस टीमों द्वारा स्वप्रेरणा से घुमंतू परिवार से संबंधित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 21 बच्चों (थाना सिकंद्राराऊ-5, थाना हाथरस जंक्शन-8, थाना सादाबाद-8) का विद्यालय में प्रवेश कराया गया। साथ ही बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां, स्कूली ड्रेस एवं अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान बच्चों के माता-पिता की आंखों में खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनकी वर्षों से इच्छा थी कि उनके बच्चे भी पढ़-लिखकर अच्छा भविष्य बनाएं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने एवं अन्य पारिवारिक कारणों से वे अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला नहीं करा पा रहे थे। पुलिस द्वारा की गई इस मानवीय पहल से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है तथा अभिभावकों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा पुलिस टीमों के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना भी है। बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने टीम को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं संवेदनशील कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

पुलिस का यह प्रयास समाज में शिक्षा, संवेदनशीलता एवं विश्वास की नई अलख जगाने वाला साबित हो रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिल रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment