घरेलू विवाद में युवक ने उठाया कदम:कमरे में पलंग पर पड़ा मिला युवक का शव

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर बट्टारी गांव में बुधवार सुबह एक युवक ने अपने घर पर कमरे में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई । मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव रामपुर बट्टारी निवासी 35 वर्षीय लालू पुत्र नवाब सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार सुबह लालू ने अपने घर के कमरे में जाकर तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर लालू का शव पलंग पर पड़ा मिला और पास में तमंचा रखा हुआ मिला । घटना से गांव में खलबली मच गई । मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में हा हा कार मच गया और गांव में मातम पसर गया ।
मृतक लालू की शादी करीब सात वर्ष पूर्व थाना हसायन क्षेत्र के गांव ईटॉर्नी में हुई थी। मृतक का एक भाई अलग मकान में रहता है और एक बहन की शादी हो चुकी है। परिवार में कभी-कभार मामूली घरेलू विवाद होते थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। मृतक की पत्नी के अनुसार सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद घर के कामकाज के दौरान उसने पति को जगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि लालू गुस्से में कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद उन्होंने अपने साले को फोन कर कहा, “तेरी-मेरी आखिरी मुलाकात है, अब मैं जा रहा हूं।” इसके बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चे और वृद्ध पिता को रोता बिलखता छोड़ गया है। इस संबंध में कोतवाल शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। मौके से मिले अवैध तमंचे को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।









