सर्राफा व्यापारियों से देश हित में बुलियन सोना व गोल्ड बार की बिक्री न करने की अपील

हाथरस। वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रधानमंत्री द्वारा भारत के सभी नागरिकों से बुलियन/सोना न खरीदने की अपील के क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जिला प्रशासन (सभी जिलाधिकारियों/पुलिस आयुक्त/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों) को बुलियन/सर्राफा एसोसिएशन के साथ तत्काल बैठक कर उनकी चिंताओं को दूर करने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जनपद के जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। राज्य कर विभाग की ओर से रमेश सिंह संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्यकर मथुरा संभाग, राजकुमार सिंह उपायुक्त राज्यकर खंड-1,प्रदुमन गुप्ता उपायुक्त राज्यकर खंड-2 , हरिनाथ यादव, सहायक आयुक्त राज्यकर खंड-2 एवं सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, सर्राफा एसोशियेसन के अध्यक्ष रमनमूर्ति शर्मा , सुरेश अग्रवाल एवं जनपद के 100 से अधिक सर्राफा व्यापारी उपस्थित थे। बैठक मे सर्राफा व्यापारी व संगठनों के पदाधिकारियों को बताया गया कि सर्राफा कारोबार से जुड़े समस्त व्यापारी देश हित को सर्वोपरि रखते हुए ठोस सोना (बुलियन) व गोल्ड बार की बिक्री न करें। बुलियन व गोल्ड बार की बिक्री कम होने से सोने के आयात में कमी आएगी, जिससे विदेशी मुद्रा भण्डार पर दवाब कम होगा। पुराने स्वर्ण आभूषणों को रिसायकिल/ रिडिजायन कर नये आभूषण बनवाने हेतु लोगों को प्रोत्साहित किया गया।

बैठक मे जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्राफा व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा की गयी अपील के सम्बन्ध मे विस्तृत चर्चा करते हुए बुलियन व गोल्ड बार की खरीद बिक्री न किये जाने का अनुरोध किया गया। बैठक में सर्राफा व्यापारी संगठन के समस्त पदाधिकारियों द्वारा सरकार को पूर्ण सहयोग किये जाने का आश्वासन दिया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment