हादसे में एक युवती की हुई मौत, दो युवक हुए घायल

सिकंदराराऊ । एन एच 34 के एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी के समीप सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतज़ार कर रहे तीन लोगों को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी । हादसे में एक युवती की मौके पर मौत हो गई ,जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है। मृतका युवती के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
अमन पुत्र राजेश यादव निवासी श्याम नगर खेरिया मोड़ थाना शाहगंज जनपद आगरा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गति 24 अप्रैल की रात्रि 8 बजे करीब उसकी 19 वर्षीय बहन प्राची यादव उर्फ साक्षी रिश्तेदार राहुल यादव पुत्र महेश चंद्र एवं अभिषेक पुत्र संजय के साथ गांव मुगलगढ़ी पर रोड किनारे खड़े होकर एटा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी । तभी तेज गति से आ रहे एक वाहन ने तीनों में टक्कर मार दी । हादसे में प्राची की मौके पर मौत हो गई ,जबकि राहुल यादव और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसका शव परिजनों को सौंप दिया। घायल दोनों युवकों का इलाज अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









