
हाथरस-4 अप्रैल। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित विवेकानंद नगर में आज सुबह एक घर के अंदर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में घायलावस्था व लहुलुहान हालत में मिलने से भारी सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उक्त व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
बताते हैं थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर विवेकानंद नगर स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले मृतक की पहचान 50 वर्षीय अनुराग ज्योति के रूप में हुई है। बताया जाता है वह आरटीआई एक्टिविस्ट भी था और पिछले कुछ समय से शराब का सेवन करने लगा था। वह अक्सर शहर के शेल्टर होम में रहता था और नशे की हालत में घूमता रहता था।पुलिस के अनुसार अनुराग ज्योति के परिवार के लोग यहां नहीं रहते हैं। पुलिस उनसे संपर्क साधने का प्रयास कर रही है ताकि आगे की जांच की जा सके।
सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मृतक के शव का पोस्टमार्टम गृह भिजवाया गया है।









