
हाथरस। सीबीएसई बोर्ड द्वारा अपने विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं के उत्तरोत्तर विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सीबीएसई के नोएडा स्थित उत्कृष्टता केंद्र द्वारा जिले के एनएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विषय जीवन कौशल (एडवांस) था। इस कार्यक्रम के लिए जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् विक्रम सिंह प्रधानाचार्य को संदर्भ व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) की जिम्मेदारी दी गई। प्रिंसिपल विक्रम सिंह द्वारा बोर्ड के निर्धारित नियमों के अनुसार शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। संपूर्ण विषय को उपविषयों में विभाजित करके विस्तृत रूप से समझाया गया। विषय की सामग्री अंग्रेजी भाषा में कंप्यूटर स्लाइड्स के द्वारा प्रस्तुत की गई। विक्रम सिंह द्वारा विषय को रुचिकर बनाने के लिए बीच-बीच में संबंधित वीडियो भी दिखाए गए।
उन्होंने बताया कि 21वीं सदी में शिक्षकों को अनेकों जीवन कौशल पर कार्य करना चाहिए। कुछ जीवन कौशल जैसे आत्म जागरूकता, भावनात्मक बुद्धिमता, प्रभावी संचार, समस्या समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, रचनात्मक सोच, सहानुभूति, तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन आदि प्रमुख हैं। अनेक प्रकार की गतिविधियों द्वारा उपविषयों का वर्णन किया गया।जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरी ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के साथ-साथ सेमरा (आगरा) के पीएस एकेडेमी, नरौरा स्थित परमाणु ऊर्जा विद्यालय, हरियाणा राज्य के रोहतक जिले के वेद मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरियाणा के ही पलवल स्थित एमराल्ड इंटरनेशनल विद्यालय के शिक्षक शिक्षकाओं ने पूरी तत्परता के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में विक्रम सिंह द्वारा सीबीएसई के इस कदम को काफी प्रभावशाली एवं उपयोगी बताया। उन्होंने बताया कि शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा अपने विद्यालयों में जाकर प्राप्त प्रशिक्षण के अनुसार कक्षाओं में शिक्षण कार्य करेंगे। जिससे निश्चित रूप से शिक्षक गुणवत्ता में सुधार आएगा।









