धरना छोड़ आरएसपी अध्यक्ष पहुंचे दिल्लीः8 को विरोध प्रदर्शन

हाथरस। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैय्या बीती रात्रि को अपने धरना स्थल से अचानक लापता हो गये। आज उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने बताया कि वह इस समय दिल्ली में हैं।पंकज धवरैया 8 मार्च को होने वाले यूजीसी बिल विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लोगों से इस प्रदर्शन में आने की अपील की है।
संतों के आदेश पर पंकज धवरैय्या ने 29वें दिन का सत्याग्रह समाप्त किया और रात्रि में पुलिस के कड़े पहरे के बावजूद पंकज धवरैया संतों के साथ दिल्ली के लिए निकल गए। इस दौरान उन्होंने संतों के मार्गदर्शन और जूस पीकर शक्ति और संकल्प लिया।
वह पिछले करीब 28 दिनों से अपने निवास कंचन नगर के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। वह यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में आंदोलन कर रहे थे। धरने के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के चित्र के सामने प्रतीकात्मक पिंडदान भी किया था, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

हाल के दिनों में प्रशासन ने पंकज धवरैय्या के खिलाफ कार्यवाही तेज कर दी थी। राजस्व टीम ने उनके एक अवैध कब्जे को मुक्त कराया। जांच में पाया गया कि हरि आई हॉस्पिटल परिसर में उन्होंने कथित रूप से टीन शेड और गेट लगाकर एक कमरे का निर्माण कर लिया था, जहां पशु बांधे जा रहे थे। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनके खिलाफ एक और मुकदमा प्रधानमंत्री के चित्र के साथ किए गए पिंडदान कार्यक्रम को लेकर दर्ज हुआ है।
उक्त शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 1 मार्च को पंकज धवरैय्या और उनके समर्थकों ने प्रधानमंत्री के चित्र के साथ श्मोदी तेरी कब्र खुदेगी जैसे नारे लगाए और दाह संस्कार व पिंडदान का आयोजन किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों से समाज में जातीय तनाव फैल सकता है। इससे पहले एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद भी मुकदमा दर्ज किया गया था। ऑडियो में उन्हें सरकारी गनर और सुरक्षा लेने के लिए धरना देने की बात कहते हुए सुना गया था। हालांकि धवरैया ने इसे साजिश बताते हुए कहा था कि यह ऑडियो एआई तकनीक से तैयार कर वायरल किया गया है।
पुलिस के अनुसार पंकज धवरैय्या के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में कोतवाली सदर में उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है। उनके खिलाफ हाथरस, अलीगढ़ और सहारनपुर समेत कई जिलों में कुल 21 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि दर्ज मुकदमों की समीक्षा के आधार पर उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है और आगे भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
धरने के दौरान पंकज धवरैया का कहना था कि वह सवर्ण समाज के मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और चाहे उन पर कितने भी मुकदमे दर्ज हो जाएं, वह पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल उनके अचानक लापता होने के बाद प्रशासन और खुफिया तंत्र पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment