
हाथरस आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में आगामी त्यौहार होली के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। खाद्य विभाग की छापेमारी से मिलावट करने वालों में खलबली मची हुई है।
खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य 2 रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व व निर्देशन में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत छापामार कार्यवाही कल देर रात तक जारी रही। वहीं शहर के नजिहाई बाजार स्थित मोतीलाल गिरिराज किशोर के यहां ट्रक से उतर रही रंगीन कचरी का नमूना जांच हेतु लिया गया और शेष रंगीन कचरी के 21 कट्टों को विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में दिया गया। शहर में अलीगढ़ रोड स्थित चिंटू स्वीट्स के यहां छापेमार कार्यवाही की गई। मौके पर बिक्री हेतु तैयार रखी गुजिया का नमूना संदेह के आधार पर जांच हेतु लिया गया। मौके पर पायी गयी कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। बड़े लाल भैरव मंदिर के सामने मुरसान गेट पर स्थित सतीश कन्फेशनरी के यहां छापामार कार्यवाही की गई। मौके पर मनीष कुमार पुत्र सतीश चंद्र उपस्थित पाए गए। बिक्री हेतु रखे दालसेव का नमूना जांच हेतु लिया गया। सभी नमूनांे को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
खाद्य विभाग टीम द्वारा अग्रिम कार्यवाही रिपोर्ट प्राप्ति के बाद की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, ओमकार कुशवाहा, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड शामिल थे। विभाग का कहना है कि छापामार कार्यवाही लगातार जारी जाएगी।









