
हाथरस थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला भुस में आज सुबह एक युवक की संदिध परिस्थितियों में मौत हो गई और उसका शव अपने कमरे में पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला है। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताते हैं थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला भुस निवासी करीब 20 वर्षीय युवक सूरज पुत्र नाथूराम ने आज सुबह करीब 7 बजे अपने कमरे में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह तत्काल उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सूरज का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को सूरज अपने परिवार के साथ मथुरा-वृंदावन घूमने गया था। इसी दौरान गांव की वह युवती भी वहां पहुंच गई। परिजनों ने दोनों को साथ घूमते देखा तो इस बात की शिकायत युवती के परिवार वालों से की। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवती के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया जाता है यह बात सूरज को काफी आहत कर गई। घटना के बाद सूरज अपने परिवार से नाराज हो गया था।
घटना की सूचना मिलने पर थाना चंदपा पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। अभी तक किसी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।









