आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पुरानी सब्जी मंडी के निकट एक ट्रक ने आगे चल रहे लोडर को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे राजमार्ग बाधित हो गया, राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार एक लोडर कुछ सामान लेकर अलीगढ की ओर जा रहा था। वहीं पीछे एक ट्रक चल रहा था, बताते हैं जैसे ही ट्रक ओर लोडर पुरानी सब्जी मंडी के निकट पहुंचे तो ट्रक ने लोडर में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे लोडर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद लोडर चालक आक्रोशित हो गया और उसने ट्रक चालक को केबिन से उतारकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वाहन चालकों में मारपीट होते देख मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड जुट गई, राजमार्ग बाधित हो गया। तभी मौके पर सभ्रांत लोग पहुंच गये और मामले को शांत कराया। और काफी मशक्कत के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटवाकर राजमार्ग सुचारू कराया। वहीं घटना की किसी भी वाहन चालक की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।









