
सादाबाद। होली के त्यौहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जा रही छापामार कार्यवाही के दौरान आज कस्बा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक गोदाम पर छापा मारा गया और छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट वाले मसाले और अन्य खाद्य सामिग्री बरामद कर जब्त की है। उक्त कार्यवाही सादाबाद-मथुरा रोड स्थित भगवती नगर के एक गोदाम में की गई, जहां संदिग्ध खाद्य पदार्थों का भंडारण और वितरण किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि गोदाम में निर्धारित मानकों का पालन किए बिना खाद्य सामग्री रखी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापा मारा। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी मसाले और अन्य सामान मिला। जिसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का प्रतीत होता है।जिला खाद्य सुरक्षा निरीक्षक यदुवीर सिंह के नेतृत्व में उक्त कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सामान की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद गोदाम संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार आगामी त्योहारों विशेषकर रमजान और होली को देखते हुए मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत संदिग्ध खाद्य सामिग्री को जब्त कर नष्ट किया जा रहा है, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वे मानकों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्यवाही के लिए तैयार रहें।









