सासनी कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवभक्ति की बयार बह रही है। चहुंओर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान है। कस्बे के प्रमुख मंदिरों से लेकर गांव की पगडंडियों पर स्थित शिवालयों तक, हर तरफ भक्त महादेव की आराधना में लीन नजर आ रहे हैं।
सुबह तड़के से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भक्तों ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और फल अर्पित कर जलाभिषेक किया। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई पूजा से भोलेनाथ सभी कष्टों को हर लेते हैं।
नवविवाहिताओं ने पति की लंबी आयु और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए एवं प्रथम पुत्र रत्न की प्राप्ति पर विशेष पूजा-अर्चना की और अपनी मन्नत पूरी होने पर कलश में गंगाजल भरकर जलाभिषेक किया और भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। सिर्फ कस्बा ही नहीं, बल्कि हनुमान चौकी, लुटसान, बसई और हृदयन जसराना लढ़ोटा, देदामई, बिलखोरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्राचीन शिवालयों में भी भारी भीड़ देखी गई। ग्रामीणों ने पारंपरिक भजनों और कीर्तन के साथ शिव आराधना की। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।









