अब न्याय और योजनाएँ एक साथ एक ही स्थान पर- सचिव अनु चैधरी

हाथरस-14 फरवरी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी जनपद न्यायाधीश महेन्द्र श्रीवास्तव के आदेशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चैधरी की अध्यक्षता में ग्राम सचिवालय महमूदपुर बरसै पर 22 फरवरी को दौलतराम बारहसैनी इण्टर काॅलेज आगरा रोड़ पर प्रस्तावित वृहद विधिक सहायता एवं सेवा मेगा शिविर के आयोजन से पूर्व लघु/सूक्ष्म विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त मेगा शिविर का उद्देश्य जनपद के आम नागरिकों विशेषकर गरीब, वंचित, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग को एक ही स्थान पर न्यायिक सहायता एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण, मध्यस्थता, परामर्श सेवा तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे। मेगा शिविर में राजस्व, पुलिस, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, बीमा, विद्युत, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चैधरी द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे कल्याणकारी योजनाओं जैसे- दिव्यांगता प्रमाण पत्र, क्षतिपूर्ति योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, दिव्यांग पेशन, पेंशन एवं चिकित्सा सहायता योजनाएँ, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मनरेगा जॉब कार्ड एवं भुगतान संबंधी समस्याएँ, जन्म-मृत्यु पंजीकरण इत्यादि का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों से सम्पर्क कर, दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करा लें। यदि किसी कारण उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाता है तो वह 22 फरवरी को उक्त मेगा शिविर में अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते है।सभी लोग उक्त तिथि पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस वृहद विधिक सहायता मेगा शिविर का लाभ उठाएँ और अपनी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राप्त करें। इस मेगा शिविर का उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों को न्याय एवं योजनाओं का समेकित लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त हो सके जिससे वे अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिरकण के पराविधिक स्वयं सेवकों द्वारा जनपद के ग्रामों, कस्बा, स्कूलों, चैराहों, वार्डों आदि स्थानों पर डोर-टू डोर जाकर लघु विधिक साक्षरता शिविर लगा कर उक्त योजनाओं की जानकारी जनसामान्य को दी तथा 22 फरवरी को शिविर में भाग लेने हेतु उत्प्रेरित किया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment