सैनिक हत्याकांड का खुलासाःदो आरोपी दबोचे

हाथरस-7 फरवरी। थाना सादाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत आगरा अलीगढ रोड पर चन्द्रा फार्म हाउस के पास सेना के जवान की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हुई सनसनीखेज हत्या की घटना में मात्र 24 घंटें के अन्दर 2 हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 2 अवैध तमंचा 315 बोर, 2 जिन्दा, 2 खोखा कारतूस 315 बोर व घटना में प्रयुक्त ईको कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गत 5 फरवरी को वादिया डौली कुमारी पुत्री देवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम समदपुर द्वारा तहरीर के माध्यम से थाना सादाबाद पर सूचना दी कि गत 5 फरवरी को उसका भाई अखिलेश कुमार पुत्र देवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम समदपुर भारतीय सेना का सैनिक है। वह हाथरस न्यायालय से अपनी तारीख करके मित्र की कार से आगरा की तरफ आ रहा था। तभी चन्द्रा फार्म हाउस के समीप ईको कार व मोटर साइकिल सवार लोगों द्वारा उसके ऊपर फायरिग कर दी। जिससे अखिलेश की मौके पर मृत्यु हो गयी। उक्त सूचना के आधार पर थाना सादाबाद पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए घटना करने वाले हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस व थाना पुलिस सहित 5 टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीमों की ब्रीफिंग की गई।
पुलिस कप्तान की निर्देशों के क्रम मे गठित पुलिस टीमों के अथक प्रयासोपरान्त मात्र 24 घंटे के अन्दर थाना सादाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत आगरा अलीगढ रोड चन्द्रा फार्म हाउस के पास सनसनीखेज गोली मारकर हुई सेना के जवान की हत्या की घटना करने वाले आरोपी बॉबी उर्फ विशाल पुत्र रमेश चन्द्र व राजा उर्फ राहुल पुत्र राजेश निवासीगण ग्राम समदपुर थाना सादाबाद को कुरसण्डा मोड के पास गोरी गोपाल ढाबा से गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 अवैध तमंचा 315 बोर व 2 जिन्दा, 2 खोखा कारतूस 315 बोर व घटना मे प्रयुक्त 1 ईको कार संख्या यूपी 85 बी.डी.-9135 सिलेटी रंग बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों बॉबी उर्फ विशाल व राजा उर्फ राहुल द्वारा जुर्म का इकबाल करते हुये बताया कि मृतक अखिलेश कुमार ने हमारी बुआ की लड़की के साथ प्रेम विवाह किया था, जिससे हमारे परिवार की समाज में बडी किरकिरी/बदनामी हो रही थी। मृतक अखिलेश से हम लोगों को भी खतरा था। इसी रंजिश के कारण हम लोगों ने अपने भाईयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। हमें जानकारी हुई कि अखिलेश 5 फरवरी को हाथरस न्यायालय में किसी मुकदमे में तारीख पर आ रहा है। हम लोगों ने योजनानुसार रैंकी कर आगरा अलीगढ रोड पर चन्द्रा फार्म हाउस के पास हम लोगों ने अखिलेश की गोली मार कर हत्या कर दी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार मय टीम थाना सादाबाद शामिल थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment